सहरसा: तिलाबे नदी में नहाते समय 8 साल का मासूम डूबा, SDRF की टीम तलाश में जुटी

सहरसा के शाहमौरा में तिलाबे नदी में स्नान के दौरान 8 साल का अंकुश लापता हो गया। एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय लोग बच्चे की तलाश कर रहे हैं।

Ghazala Saheb24 November 20262 min read0 viewsBihar
सहरसा: तिलाबे नदी में नहाते समय 8 साल का मासूम डूबा, SDRF की टीम तलाश में जुटी

सहरसा जिले के सोनवर्षा राज अंचल से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शाहमौरा गांव के चबियारी टोला के पास बहने वाली तिलाबे नदी में मंगलवार दोपहर स्नान करने के दौरान एक 8 वर्षीय बालक गहरे पानी में डूब गया। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पैर फिसलने से हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, शाहमौरा के चबियारी टोला निवासी मनीष मुखिया, जो कि दिव्यांग हैं, उनका 8 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार मंगलवार दोपहर अपनी चाची रूपा देवी के साथ नदी में स्नान करने गया था। बताया जा रहा है कि चाची नदी किनारे कपड़े धोने के काम में व्यस्त थीं। इसी दौरान स्नान कर रहे अंकुश का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

कुछ देर तक जब अंकुश दिखाई नहीं दिया, तो चाची ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय स्तर पर नाव तथा गोताखोरों की मदद से बच्चे की तलाश शुरू की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।

प्रशासन और SDRF की कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आया। राजस्व पदाधिकारी सैयद बादशाह और अपर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सोनवर्षा राज थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि लापता बालक की खोज के लिए SDRF (एसडीआरएफ) की टीम को बुला लिया गया है। वर्तमान में प्रशासन की निगरानी में नदी तट पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

परिवार में मचा कोहराम

इस हादसे ने पीड़ित परिवार को झकझोर कर रख दिया है। लापता बालक की मां पूजा देवी और उसकी दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। वे बार-बार बेहोश हो रही हैं, जिन्हें गांव की अन्य महिलाओं द्वारा संभाला जा रहा है।

मां का करुण विलाप सुनकर सबकी आंखें नम हो गईं, वह रोते हुए कह रही थीं— "अब केकरा लय के रहबै, विकलांग बाप के सहारा छीन ललहो हो भगवान, आ विकलांग के विकलांग बना दलहो।"

घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी अनिल कुमार सिंह और बबलू मुखिया सहित कई अन्य ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। फिलहाल प्रशासन और बचाव दल बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं।

Share:

Comments

Leave a comment